डिफेंस एक्सपो में आज निवेश का बंधन, 16 से ज्यादा कंपनियों से होंगे करार

राजधानी में हो रहे देश के अब तक के सबसे बड़े डिफेंस एक्सपो में शुक्रवार को 16 से ज्यादा कंपनियों से रक्षा संबंधी करार होंगे। एमओयू और नए उत्पादों की लॉन्चिंग के लिए आयोजन स्थल वृंदावन पर बंधन समारोह का आयोजन होगा। इसमें रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। 


डीपीएसयू के अतिरिक्त निजी कंपनियों के भी करार होंगे। यह कार्यक्रम उद्घाटन समारोह वाले स्थल पर सुबह 10.30 से दोपहर 12.30 बजे तक होगा। 

मुंबई स्थित मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लि. रूस और स्पेन के साथ मिलकर पनडुब्बियों का निर्माण करेगा। बाद में ये पनडुब्बियां नौसेना को दी जाएंगी। मझगांव शिपबिल्डर्स लि. इसके लिए शुक्रवार को करार करेगा।

मझगांव के निदेशक शिपबिल्डिंग के रियर एडमिरल (सेवानिवृत्त) एके सक्सेना ने बताया कि स्पेन की नवंतिया व रूस की रोसोबोरॉन कंपनियों के साथ स्कॉर्पियन क्लास की पी75आई पनडुब्बियों के प्रोजेक्ट पर काम करेगा। इसके लिए दोनों कंपनियों से पोटेंशियल टेक्नोलाजी पार्टनरशिप करार किया जाएगा।